फीडे ग्रांड स्विस 2025 : रोमांच से भरा रहा 5वां राउंड, परहम अभी भी शीर्ष पर।
विश्व के सबसे मज़बूत स्विस प्रतियोगिताओं में से एक फीडे ग्रांड स्विस 2025 का आयोजन समरकंद, उज्बेकिस्तान में हो रहा है। 4 सितंबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का अंत 15 सितंबर को होगा और उसी के साथ हमें कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए 2-2 और प्रतिभागी भी मिल जाएंगे। इस टूर्नामेंट के मायने और भी बढ़ जाते हैं क्योंकि यह विश्व चैंपियनशिप सायकल का बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस प्रतियोगिता में कुल 172 प्रतिभागी शामिल हैं, जिसमें 116 खिलाड़ी ओपन और 56 महिला वर्ग में भाग ले रहे हैं। पाँच मुकाबलों के बाद ईरान के परहम मघसूदलू ने एकल बढ़त बनाए रखी है। वहीं दूसरे स्थान पर भारत के अर्जुन एरिगैसी, अमेरिका के अभिमन्यु मिश्रा, जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम और फ्रांस के मार्कअंद्रीया मॉरिज़्ज़ी चल रहे हैं। आज होने वाले मुकाबले में अर्जुन और परहम शीर्ष बोर्ड पर खेलते नज़र आएँगे। पढ़े देवांश सिंह का यह लेख, Photo: FIDE / Michal Walusza
राउंड 5: भारतीय खिलाड़ियों के लिए कड़ा इम्तिहान
8 सितम्बर को हुए पांचवें राउंड में भारतीय खिलाड़ियों को अप्रत्याशित झटका लगा। गुकेश डी और प्रज्ञानन्दा दोनों को हार का सामना करना पड़ा, जबकि अर्जुन एरिगैसी ने जीत दर्ज की। अभिमन्यु मिश्रा ने विश्व चैंपियन गुकेश को मात देकर इतिहास रच दिया। मिश्रा विश्व चैंपियन को हराने वाले सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर बने। प्रज्ञानन्दा को मैथियास ब्लूबाम द्वारा पहली हार मिली, जिससे उनकी कैंडिडेट्स की संभावना को छोटा सा झटका भी लगा हालाँकि अभी भी आधे से ज्यादा प्रतियोगिता बाकी है, और भारतीय खिलाड़ियों के पास वापसी करने का पूरा मौका भी है। निर्णायक मुकाबलों में अभिमन्यु पुराणिक ने व्लादिमीर फेडोसेव पर जीत हासिल की तो वहीं प्रणव वी ने सफेद मोहरों से शानदार बाज़ी खेलते हुए आंद्रे एसिपेंको को हराया। शम्सिद्दीन वोखिदोव ने काले मोहरों से मौजूदा महिला विश्व कप चैम्पियन दिव्या देशमुख पर जीत दर्ज की। अन्य भारतीय मुकाबलों में आर्यन चोपड़ा ने अलेक्जेंडर ग्रिशचुक से ड्रॉ खेला। एस.एल. नारायण ने चीन के लु शांगलेई से, आदित्य मित्तल ने दानियल युफा से, रौनक साधवानी ने यूरी कुजूबोव से ड्रॉ खेला और विदित गुजराती की बाज़ी भी इवान चेपारिनोव से ड्रॉ पर समाप्त हुई।
मगसूदलू ने रैपोर्ट को हराकर 4.5 अंकों के साथ एकल बढ़त बना रखी है।
खेल की शुरुआत इटालियन ओपनिंग से हुई।12वीं चाल पर गुकेश ने एक भारी भूल कर दी और उन्होंने अपने h फाइल के प्यादे की जगह g वाला प्यादा आगे बढ़ा दिया जिसका मिश्रा ने खूब फायदा उठाया। अभिमन्यु मिश्रा ने मिडिलगेम में शानदार अटैक कर अपना एक मोहरा भी क़ुर्बान किया और बढ़त बनाए रखी थी, पर एंडगेम आते-आते गुकेश ने स्थिति को संभाल लिया था। लेकिन गुकेश ने आसान ड्रॉ की तरफ़ जाने के बजाय पोज़िशन को और पेचीदा बना दिया, जो निर्णय उन पर काफी भारी पड़ा और 61 चालों में अभिमन्यु मिश्रा ने विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराकर इतिहास रच दिया।
प्रज्ञानन्दा और मैथियास ब्लूबाम के खेल में काले मोहरों से खेलते हुए क्वीन’स पॉन ओपनिंग में शुरुआत हुई और लगभग खेल पूरा बराबरी का चल रहा था, पर प्रज्ञानन्दा की एक छोटी सी भूल से वह एक प्यादा गंवा बैठे। 36वीं चाल पर की गई ग़लती के बाद ब्लूबाम ने प्रज्ञानन्दा को कोई मौका नहीं दिया और आसानी से एंडगेम में जीत हासिल की। यह प्रज्ञानन्दा की इस प्रतियोगिता की पहली शिकस्त है।
अर्जुन ने सफेद मोहरों से खेलते हुए कैटलन ओपनिंग में अपना जलवा दिखाया। अपने दो हाथियों के बदले वज़ीर देने के बावजूद अर्जुन ने पोज़िशन को संभाले रखा और 24वीं चाल पर निकिता की एक ग़लती उनकी हार का कारण बनी। 37 चालों तक चली इस बाज़ी को अपने नाम कर अर्जुन ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान बनाए रखा है।
नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और यागिज़ कान एरदोगमुस के बीच लंबा ड्रॉ हुआ।
निहाल ने सफेद मोहरों से खेलते हुए लियोन को हराया।
अभिमन्यु ने फेडोसीव पर जीत दर्ज की।